प्रदेश में सरकार का तंत्र हो रहा फेल, चहुंओर भ्रष्टाचार का आलम : अरोड़ा - Discovery Times

Breaking

प्रदेश में सरकार का तंत्र हो रहा फेल, चहुंओर भ्रष्टाचार का आलम : अरोड़ा

 

कुरुक्षेत्र, (अनिल धीमान) : मंगलवार को जननायक जनता पार्टी के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सहित कई प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के अलावा कई भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पूर्व मंत्री अशोक अरोड़ा के नेतृत्व में कांग्रेस का दामन थामा। इस दौरान जननायक जनता पार्टी के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रमेश बूरा किरमच, जजपा खेल प्रकोष्ठ के उपाध्यक्ष महेंद्र बूरा, खेल प्रकोष्ठ के महासचिव राजेश कुमार, मंडल कोषाध्यक्ष राजेंद्र सिंह, गुलाब सिंह प्रह्लाद शर्मा, राजपाल सिंह, डॉ. छोटूराम, बीजेपी कार्यकर्ता राकेश बूरा, सतपाल सिंह, राजकुमार, बलवान सिंह, कृष्ण शर्मा, गौरव बूरा, राजीव, प्रवीण, डॉ. जसवंत सिंह हथीरा, अंकित, आकाश, साहिल, अमित, सौरभ, ओमप्रकाश, गुरदेव हथीरा, बलजिंदर सिंह सहित अनेकों भाजपा व जजपा कार्यकर्ताओं ने पूर्व मंत्री अशोक अरोड़ा के नेतृत्व में कांग्रेस ज्वाइन की। अशोक अरोड़ा ने जजपा व भाजपा छोड़कर आए सभी कार्यकर्ताओं का स्वागत किया और पूरे मान सम्मान की बात कही। 

अपने कार्यालय में पत्रकारों से रूबरू होते हुए पूर्व मंत्री अशोक अरोड़ा ने कहा की आज प्रदेश बहुत बुरे दौर से गुजर रहा है। ऐसे हालात हो चुके हैं कि छोटे-छोटे कार्यो के लिए प्रदेश की जनता भटक रही है। उन्होंने कहा कि इससे ज्यादा क्या होगा कि नशे की खेप को नष्ट करने के लिए स्वयं मुख्यमंत्री पहुंचते हैं। जिस कार्य को पहले जिला स्तर पर किया जाता था उसे अब नाम बटोरने के लिए मुख्यमंत्री स्वयं करने का काम कर रहे हैं। प्रॉपर्टी आईडी के लिए लोग धक्के खा रहे हैं, जिस कंपनी को प्रॉपर्टी आईडी का काम दिया गया था उसको पूरा करने के लिए अनुमानित टेंडर लगभग 18 करोड रुपए था जबकि सरकार द्वारा 42 करोड 44 लाख दे दिए गए हैं लेकिन इसके बावजूद भी प्रॉपर्टी आईडी के लिए प्रदेश के लोग धक्के खा रहे हैं। जिस प्रकार से प्रदेश की जनता को सरकार द्वारा पोर्टल के नाम पर धक्के खिलाए जा रहे हैं, यह बहुत ही शर्मनाक है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की भाजपा-जजपा सरकार भ्रष्टाचार में लिप्त सरकार है। तभी 18 करोड रुपए का काम साढ़े 42 करोड रुपए देने के बावजूद भी पूरा नहीं हो पाता।

  • जजपा व भाजपा के अनेकों कार्यकर्ताओं ने पूर्व मंत्री अशोक अरोड़ा के नेतृत्व में थामा कांग्रेस का दामन
  •  प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सहित कई प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों ने छोडी जजपा 

 थानेसर नगर परिषद का जिक्र करते हुए अशोक अरोड़ा ने कहा कि थानेसर के विधायक सुभाष सुधा ने कहा था कि 8 दिन के अंदर नगर परिषद में दलाली करने वाले अधिकारियों के नाम को उजागर करेंगे लेकिन महीनों बीत जाने के बाद भी आज तक ना तो उन दलाल अधिकारियों के नाम विधायक द्वारा उजागर किए गए और ना ही उन लोगों के नाम उजागर किए गए हैं जिनके लिए वे अधिकारी दलाली करते हैं। आज थानेसर नगर परिषद भ्रष्टाचार का अड्डा बन चुकी है। लोगों के घरों से कूड़ा उठाने के लिए हजारों रुपए लुटे जा रहे हैं। पहले जो कूड़ा उठान का काम 50 या 100 रुपए की पर्ची कटवाने से हो जाता था। आज वही काम हजारों रुपए पहले एडवांस में लेकर किया जा रहा है। फिर भी ढंग से कूड़ा उठान नही हो रहा।
 
पूर्व मंत्री ने सरकार को घेरते हुए कहा कि यह सरकार सिर्फ नियम बनाने की सरकार है। जनता को राहत देना इनके बस की बात नहीं है। जिस पैसे से सरकार चलती है, वह पैसा जनता की जेबों से निकलता है और सरकार उसकी रखवाली करने के लिए होती है। लेकिन भारतीय जनता पार्टी और जननायक जनता पार्टी की सरकार दोनों हाथों से जनता के पैसे को लूटने और लुटाने पर लगी हुई है। 
कांग्रेस नेता ने कहा कि आज प्रदेश का यह हाल हो चुका है कि बेरोजगारी के कारण युवा वर्ग पलायन कर रहा है। जो विद्यार्थी पहले 12वीं पास करने के बाद कॉलेज में दाखिला लेते थे वे आज विदेश की ओर रुख कर रहे हैं। सरकार न तो देश व प्रदेश से भ्रष्टाचार खत्म कर पाई और ना ही युवाओं को रोजगार दिलवा पाई। अब देश व प्रदेश की जनता का भारतीय जनता पार्टी की सरकार से मोहभंग हो चुका है और प्रदेश की जनता अब भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार को याद कर रही है। अब समय आ गया है कि प्रदेश में भारी बहुमत से भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में कांग्रेस की सरकार बनेगी। इस मौके पर कांग्रेस पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सैनी भिवानी खेड़ा, सुभाष पाली, रणबीर सिंह बुरा व पवन चौधरी सहित अन्य मौजूद रहे।



SUBSCRIBE !

Welcome to Discovery Times!Chat with us on WhatsApp
"Please tell us how can we help you today?”” "Discovery Times channel, copy link open at WhatsApp: " https://whatsapp.com/channel/0029VaBIde7LCoX3IgmC5e2m ” " Subscribe link to our newspaper: " https://www.discoverytimes.in/p/subscription-newspaper-portal.html ” ...
Click me to start the chat...